Spread the love

देहरादून—  उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। पहाड़ से मैदान तक कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश जारी है।

मौसम विभाग ने 20 अगस्त को टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा निचले इलाकों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।

देहरादून में 20 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी बंद

वहीं देहरादून में लगातार हो रही बारिश और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है।

20 अगस्त को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन का अवकाश रहेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना हुआ है। ऐसे में खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।


Spread the love

You missed