Spread the love

उत्तराखंड—  हल्द्वानी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जिंदगी पर भारी पड़ गया। रामपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र के बेलबाबा के पास मंगलवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर उजाला निवासी 22 वर्षीय अरसलान अपने साथी के साथ एसी मैकेनिक का काम करता था। मंगलवार को दोनों काम के सिलसिले में रुद्रपुर गए थे। देर शाम स्कूटी से हल्द्वानी लौटते समय बेलबाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों युवक स्कूटी से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर से अर्टिगा कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अरसलान को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

पुलिस ने हादसे में शामिल यूपी नंबर की अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।

See also  कोटड़ीढांग के जर्जर विद्यालय की हालत देख भावुक हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री व शिक्षा सचिव को लिखा पत्र,,दिए आवश्यक निर्देश।

एक तरफ परिवार ने अपने 22 साल के बेटे को खो दिया, तो दूसरी तरफ अस्पताल में उसका साथी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। हादसे ने एक बार फिर हल्द्वानी की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love

You missed