
हल्द्वानी—- उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के एम. ए. गृह विज्ञान पाठ्यक्रम की कार्यशाला का आज दिनांक 8 जनवरी 2026 को समापन हुआ।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी ने एम. ए. गृह विज्ञान पाठ्यक्रम की प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा चतुर्थ सेमेस्टर की कार्यशालाओं का निरीक्षण किया और शिक्षार्थियों के उत्साह एवं प्रतिभागिता की सराहना की।
कुलपति महोदय द्वारा कार्यशाला की संपूर्ण प्रशिक्षण प्रक्रिया, पाठ्यवस्तु, व्यवहारिक गतिविधियों तथा शिक्षार्थियों की सहभागिता का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुलपति महोदय ने कार्यशाला का अवलोकन करते हुए कहा कि कार्यशाला की संरचना वर्तमान शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं कौशल-आधारित शिक्षा के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाएं दूरस्थ शिक्षा के शिक्षार्थियों के ज्ञान, दक्षता एवं आत्मविश्वास को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों के अनुशासन, सीखने की जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, नवाचार एवं गुणवत्ता-आधारित कार्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निदेशक स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा, प्रोफेसर मंजरी अग्रवाल ने शिक्षार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी सीखने के अनुभव एवं अपेक्षाएँ जानीं तथा समाधानपरक सुझाव प्रदान किए। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ न केवल अकादमिक विकास को बढ़ावा देती हैं, बल्कि रोजगारपरक कौशलों के सृजन में भी सहायक सिद्ध होती हैं।
कार्यशाला में डी० एस० बी० कैम्पस नैनीताल की गृह विज्ञान विभाग की प्रो० लता पांडे तथा पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक प्रो० के० के० पांडे भी उपस्थित रहे।
प्रो० पांडे ने बच्चों के कार्य की सहारना की तथा उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित किया|
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, वित्त नियंत्रक, तथा उपस्थित प्राध्यापकों ने भी शिक्षार्थियों के प्रयासों को सराहा। कार्यशाला गृह विज्ञान विभाग के संकाय सदस्यों डॉ० दीपिका वर्मा, डॉ० प्रीति बोरा, श्रीमती मोनिका द्विवेदी, डॉ० ज्योति जोशी और डॉ० पूजा भट्ट द्वारा आयोजित की गई।
