Spread the love

उत्तराखंड—  उत्तराखंड में नए साल की शुरुआत मौसम के बदले मिज़ाज के साथ हुई है। साल के पहले ही दिन पहाड़ों पर बर्फबारी ने दस्तक दे दी, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और ठंड लोगों को परेशान कर रही है।

चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। नीति घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बाद पहाड़ों में ठंड और बढ़ गई है, वहीं पाले की वजह से जनजीवन पर भी असर दिखने लगा है।

दूसरी ओर, देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के निचले इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

आज बारिश-बर्फबारी की संभावना—

मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 2 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।

इसके साथ ही हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी के निचले क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

देहरादून की हवा अब प्रदूषित—

राजधानी देहरादून में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। गुरुवार को यहां AQI 176 दर्ज किया गया, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले AQI 250 के पार पहुंच गया था।

आगे कैसा रहेगा मौसम—

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 3 और 4 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 5 जनवरी को एक बार फिर मौसम बदल सकता है। वहीं 6 और 7 जनवरी को मौसम के फिर से शुष्क रहने की संभावना है।
5 जनवरी तक खासतौर पर मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्यतः साफ बना रहेगा।

See also  Uttrakhand _नहीं रहे पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी_प्रदेश में शोक,,,,

देहरादून का मौसम—-

राजधानी देहरादून में आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। निचले इलाकों में कोहरा बना रह सकता है।

यहां अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

1 जनवरी को प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)–

देहरादून : अधिकतम 19.8 | न्यूनतम 7.8
पंतनगर : अधिकतम 19.0 | न्यूनतम 3.4
मुक्तेश्वर : अधिकतम 14.8 | न्यूनतम 3.9
टिहरी : अधिकतम 14.2 | न्यूनतम 4.3

कुल मिलाकर, उत्तराखंड में ठंड का असर तेज हो गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरा व ठंड आने वाले दिनों में भी लोगों को सतर्क रहने का संकेत दे रहे हैं।


Spread the love

You missed