हल्द्वानी— नीली बत्ती लगी कार, ‘भारत सरकार’ का बोर्ड, फर्जी IB की ID और पिस्टल जैसी एयरगन के सहारे रौब जमाना एक युवक को भारी पड़ गया। तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने खुद को IB अधिकारी बताने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार (UP25 CS 9327) पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा था। रोककर पूछताछ की तो चालक ने खुद को IB ऑफिसर बताते हुए ID दिखाई, लेकिन पद और नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
तलाशी में कार के डैशबोर्ड से फर्जी IB ID कार्ड, फर्जी दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन रखता था।
आरोपी की पहचान मो. मोहासिब खान (24) निवासी रामपुर, यूपी के रूप में हुई है। थाना हल्द्वानी में FIR No. 315/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। वाहन को MV एक्ट में सीज कर दिया गया है।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, SI कृपाल सिंह, कां. अजहर और कां. सुनील टम्टा शामिल रहे।

