
हल्द्वानी—- उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड आईटी द्वारा 27 अगस्त 2025 को एक विशेष प्रचारात्मक शैक्षणिक दौरे का आयोजन किया गया।
इस दौरे के अंतर्गत टीम ने राजकीय महाविद्यालय सितारगंज, के.आई.टी.एम. ग्रुप, राजकीय पॉलीटेक्निक, खटीमा एवं राजकीय इंटर कॉलेज, डॉ. ए.पी.जे. कॉलेज, टनकपुर का भ्रमण किया और विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की टीम ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर विभाग द्वारा संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों जैसे MCA, M.Sc. (Cyber Security) तथा M.Sc.(IT) के साथ साथ स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडीज़ के प्रमाण पत्र पाठ्यक्रमों की उपयोगिता और व्यावसायिक महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।

इसकेअतिरिक्त, टीम ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के संकाय द्वारा स्वयं (SWAYAM) मंच पर उपलब्ध ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से भी अवगत कराया। SWAYAM MOOC पाठ्यक्रम भारत सरकार के शिक्षामंत्रालय के SWAYAM पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध हैं, जिनमें क्रेडिट ट्रांसफर की सुविधा भी होती है।
विद्यार्थियों को बताया गया कि ये पाठ्यक्रम उनके तकनीकी ज्ञान, डिजिटल दक्षता और रोजगार कौशल को विकसित कर उनके भविष्य को और अधिक सशक्त बना सकते हैं।
यह आयोजन विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के महत्व को समझाने और डिजिटल युग की अपेक्षाओं के अनुरूप उन्हें सशक्त बनाने का एक उपयोगी माध्यम सिद्ध हुआ।उक्त कार्यक्रम में डॉ. नीलिमा बुधानी, डॉ. शिल्पा गुनवंत एवं श्रीमती ललिता बिष्टआदि उपस्थित रहीं।
