Spread the love

नैनीताल—  लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल ने जनपद के मैदानी क्षेत्रों के विद्यालयों के संचालन समय में तत्काल बदलाव के आदेश जारी किए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार हल्द्वानी, रामनगर एवं कोटाबाग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 22 मई 2026 से अग्रिम आदेशों तक नई समयसारिणी लागू रहेगी।

देखें नई टाइमिंग

प्रार्थना सभा – सुबह 6:45 बजे

विद्यालय संचालन – सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक

शिक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश केवल मैदानी क्षेत्रों के विद्यालयों पर लागू होगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल पूर्व निर्धारित समयानुसार संचालित होते रहेंगे।

मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि बढ़ते तापमान और तेज धूप के बीच बच्चों को राहत देने तथा हीटवेव के खतरे से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में है और अभिभावकों से भी बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।


Spread the love