Spread the love

बागेश्वर—-   कपकोट क्षेत्र के पिंडारी ग्लेशियर मार्ग में यूक्रेन निवासी एक पर्यटक रास्ता भटक गया और पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने रेस्क्यू कर युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जांच के दौरान युवक के पास भारत में रहने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार यूक्रेन निवासी मक्सिम स्टारचेंको कपकोट क्षेत्र के डोला गांव से ऋषिकेश जाने की तैयारी में था।

इसी दौरान वह पहाड़ी से फिसलकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने 24 मई को युवक को दर्द से कराहते देखा और तत्काल इसकी सूचना कपकोट थाना प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस और खुफिया विभाग द्वारा पूछताछ के दौरान युवक से भारतीय वीजा और पासपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने युवक को बिना वैध दस्तावेज के संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने युवक के खिलाफ अप्रवास तथा विदेशियों विषयक विधेयक 2025 की धारा 3/23 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि उपचार पूरा होने के बाद युवक को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इधर पुलिस इस बात की गहन जांच में जुट गई है कि बिना वैध दस्तावेज के विदेशी युवक उत्तराखंड के संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों तक कैसे पहुंचा।

See also  नैनीताल जिले में प्रशासनिक फेरबदल, तीन एसडीएम बदले ..

Spread the love