हल्द्वानी— अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने भारत निर्वाचन आयोग के भीतर कथित “वोट चोरी” एवं निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के संयुक्त नेतृत्व में तिकोनिया चौराहे से विरोध मार्च निकाला।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता बुद्ध पार्क पहुंचे, जहां ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में पारदर्शिता, निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है, इसलिए उसकी कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसी प्रक्रियाओं की निष्पक्ष समीक्षा आवश्यक है। लोकतंत्र की बुनियाद जनता के मताधिकार पर टिकी है।
उन्होंने मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अविलंब पद से हटाया जाए तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों एवं मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए।
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटना उसके मताधिकार पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है, इसलिए पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से मतदाताओं के अधिकारों के मुद्दे उठाती रहेगी।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें –
1. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
2. उनके कार्यकाल में लिए गए कथित एकतरफा निर्णयों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा हो।
3. मतदाता सूची में किए गए बदलावों की निष्पक्ष जांच हो।
4. SIR प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो।
5. किसी भी पात्र नागरिक को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित न किया जाए।
प्रदर्शन में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, ललित जोशी, डॉ. केदार पलड़िया, राजेंद्र बिष्ट, पार्षद नीमा भट्ट, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, रत्ना श्रीवास्तव, कमला सनवाल, राधा आर्य, मंजू पांडे, प्रकाश पांडे, नरेश अग्रवाल, दयाल तिवारी, संजू पाना, हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, दीप पाठक, जगमोहन चिलवाल, जीवन कार्की, सतनाम सिंह, जाकिर हुसैन, पार्षद हेमंत शर्मा, प्रदीप नेगी, गिरीश पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

