हल्द्वानी—   उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने शिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है।

विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित शैक्षिक व्याख्यान अब प्रत्येक रविवार शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक दूरदर्शन उत्तराखण्ड पर प्रसारित किए जाएंगे। इस पहल के माध्यम से शिक्षार्थी घर बैठे विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के व्याख्यानों का लाभ उठा सकेंगे।

विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार अनुभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विषय विशेषज्ञ शिक्षक अपने व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। इसका उद्देश्य मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से ज्ञान का विस्तार करना तथा अधिकाधिक शिक्षार्थियों तक उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री पहुँचाना है।

उन्होंने बताया कि यह पहल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के शिक्षार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण के अनुरूप प्रारम्भ की गई है। उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय निरंतर ऐसे प्रयास कर रहा है, जिनसे शिक्षार्थियों को अपने घर पर ही शैक्षिक मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।

पहला व्याख्यान मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा पर-

इस शैक्षिक श्रृंखला का प्रथम व्याख्यान रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को प्रसारित किया जाएगा। इसका विषय “मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा : स्वरूप, संभावनाएँ और उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय” है। व्याख्यान विश्वविद्यालय के सीका (CIQA) के निदेशक प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय प्रस्तुत करेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षार्थियों, अध्ययन केंद्रों से जुड़े सदस्यों और शुभचिंतकों से अपील की गई है कि वे प्रत्येक रविवार प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम को देखें और इसकी जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाएँ।

You missed