कोटद्वार—   नवरात्रि के प्रथम दिन राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। विद्यालय के शिक्षक  “संतोष सिंह नेगी” द्वारा अपने विद्यालय में पढ़ने वाली दो मेधावी बालिकाओं को नई साइकिल प्रदान की गई।

श्री नेगी ने बताया कि नवरात्रि का पर्व बालिकाओं के अलग-अलग रूपों को पूजने का पर्व है और यह एक मौका है जब मेधावी बालिकाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है। इसी भावना के साथ उन्होंने कक्षा 6 में पढ़ने वाली “वैष्णवी” और कक्षा 9 में पढ़ने वाली “वैशाली” को साइकिल भेंट की।

एक शिक्षक ऐसे भी :-  2 मेधावी बालिकाओं को प्रदान की साइकिल,,, नवरात्रि पर दिया प्रेरणादायक तोहफा,,।

शिक्षा में बचत भी, सहूलियत भी-
श्री नेगी ने बताया कि अगर बालिकाओं को साइकिल दी जाए तो प्रतिदिन लगभग ₹20, महीने के ₹500 और सालाना ₹6000 की बचत परिवार की होती है। यह बचत परिवार बालिकाओं की शिक्षा के अन्य आयामों पर खर्च कर सकता है।

उन्होंने बताया कि यह सहयोग उनकी एमएड की सहपाठी जसवीर बजाज, जो वर्तमान में दुबई में कार्यरत हैं, के द्वारा प्रदान किया गया है।

2016 से जारी है अभियान
गौरतलब है कि संतोष सिंह नेगी द्वारा जनसहयोग से अब तक ₹3 लाख से अधिक मूल्य की साइकिलें मेधावी और जरूरतमंद बच्चों को प्रदान की जा चुकी हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने यह अभियान शुरू किया था।

अपनी शादी के अवसर पर भी वर्ष 2019 में उन्होंने ₹50,000 मूल्य की 10 साइकिलें बालिकाओं को भेंट की थीं।

श्री नेगी ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि अभी भी कई ऐसी बालिकाएं हैं जिन्हें साइकिल की जरूरत है। नवरात्रि के इस शुभ अवसर पर यदि कोई सज्जन सहयोग करना चाहे तो उनसे संपर्क कर सकता है।

You missed