Category: देहरादून

  • धामी कैबिनेट के बड़े फैसले,,,  सीएनजी को राहत,,, हाइब्रिड वाहनों की छूट खत्म,,।

    धामी कैबिनेट के बड़े फैसले,,, सीएनजी को राहत,,, हाइब्रिड वाहनों की छूट खत्म,,।

    देहरादून—   मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। सहकारिता, परिवहन, स्वास्थ्य, शहरी विकास और लोकायुक्त से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

    कैबिनेट के प्रमुख फैसलों पर एक नज़र

    उत्तराखंड राज्य सहकारिता नीति-2026 को राष्ट्रीय सहकारी नीति-2026 के अनुरूप मंजूरी दी गई।

    उत्तराखंड मोटरयान कराधान सुधार अधिनियम को मंजूरी मिली।

    CNG वाहनों को ग्रीन सेस में मिलने वाली छूट जारी रहेगी, जबकि हाइब्रिड वाहनों को दी जा रही राहत वापस ले ली गई।

    देश के अन्य राज्यों की EV नीतियों का अध्ययन करने के बाद उत्तराखंड की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति तैयार की जाएगी।

    चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के सांख्यिकी संवर्ग को मंजूरी दी गई।

    दवाओं और सर्जिकल सामग्री की खरीद के लिए उत्तराखंड मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के गठन को मंजूरी मिली। इसकी अगुवाई मुख्य सचिव करेंगे।

    राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) के लिए हरिद्वार में एक एकड़ भूमि देने को मंजूरी दी गई।

    कारापाल सेवा नियमावली को मंजूरी मिली।

    उत्तराखंड लोकायुक्त अधिनियम-2014 के तहत सदस्यों के चयन के लिए लोकायुक्त खोजबीन समिति-2026 को मंजूरी दी गई।

    उत्तराखंड आबादी सर्वेक्षण अभिलेख नियमावली-2026 को मंजूरी मिली।

    उत्तराखंड सीड्स एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अन्य विभागों में समायोजित करने पर सहमति बनी।

    रिस्पना नदी किनारे काठबंगला के 116 आवासों में मलिन बस्ती के लोगों से ली जाने वाली 10 फीसदी राशि अब राज्य सरकार वहन करेगी।

    शहरी निकायों में पेयजल और सीवरेज से जुड़े कार्यों को मंजूरी मिली।

    ऋषिकेश में कैंसर इंस्टीट्यूट के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अंत्योदय फाउंडेशन को स्टांप ड्यूटी में छूट देने का फैसला भी लिया गया।

    कैबिनेट के इन फैसलों में खास तौर पर CNG वाहनों को ग्रीन सेस में राहत जारी रखने और हाइब्रिड वाहनों की छूट वापस लेने का फैसला अहम माना जा रहा है।

  • ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड लगाकर खौफ फैलाने वाले जग्गा गैंग की पुलिस ने निकाली हेकड़ी ,,।

    ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड लगाकर खौफ फैलाने वाले जग्गा गैंग की पुलिस ने निकाली हेकड़ी ,,।

    उत्तराखंड–  खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ बताकर लोगों पर दबदबा बनाने, विवादों में जबरन दखल देने और कथित तौर पर वसूली व ब्लैकमेलिंग करने वाले गैंग पर देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत सिंह उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

    पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य लोगों के घरों में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी देते थे।

    11 मुकदमों के बाद गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा

    पुलिस के अनुसार जगजीत सिंह उर्फ जग्गा और उसके साथियों के खिलाफ 2016 से 2026 के बीच करीब 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और उनके चलते लोगों में डर का माहौल पैदा होने को देखते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की।

    ऋषिकेश पुलिस के मुताबिक सक्षम न्यायालय से आवश्यक अनुमोदन मिलने के बाद जग्गा और उसके तीन साथियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

    घर से मिला ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड

    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया। पुलिस का कहना है कि इस बोर्ड का इस्तेमाल वह लोगों पर अपना प्रभाव और कथित दबदबा कायम करने के लिए करता था।

    वहीं मामले में नामजद रवि गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

    पुलिस की बड़ी कार्रवाई सिर्फ एक गैंग के खिलाफ कानूनी कदम नहीं है, बल्कि उन लोगों के लिए भी राहत की खबर है जो कथित तौर पर दबाव, धमकी और ब्लैकमेलिंग के कारण परेशान होते रहे। विवाद सुलझाने के नाम पर कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि किसी व्यक्ति या गैंग को कानून से ऊपर होने का अधिकार नहीं है।

  • उत्तराखंड में ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल पर बड़ा अपडेट,,,,।

    उत्तराखंड में ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल पर बड़ा अपडेट,,,,।

    देहरादून—   उत्तराखंड में ट्रांसपोर्टरों की प्रस्तावित 20 अगस्त की राज्यव्यापी हड़ताल फिलहाल एक दिन के लिए टाल दी गई है। देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ के प्रतिनिधिमंडल की परिवहन आयुक्त के साथ हुई वार्ता में पांच सूत्रीय मांगों पर चर्चा हुई, जिसमें कुछ मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई है।

    महासंघ के अनुसार, बैठक में तय बिंदुओं का लिखित कार्यवृत्त (मिनट्स) 20 अगस्त को जारी किया जाएगा। इसके बाद शेष मांगों और सरकार के रुख के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

    वार्ता के बाद महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से भी मुलाकात कर मांगों का ज्ञापन सौंपा। मंत्री की ओर से ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

    महासंघ के प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही बाकी मांगों पर भी निर्णय लेकर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को राहत देगी।

  • उत्तराखंड के इस जिले में कुत्तों का आतंक,,,, यहां स्कूल चार दिन रहेंगे बंद ,,।

    उत्तराखंड के इस जिले में कुत्तों का आतंक,,,, यहां स्कूल चार दिन रहेंगे बंद ,,।

    उत्तराखंड—  कुत्तों के हिंसक बर्ताव के चलते बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया गया है। चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 10 स्कूलों को चार दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है।

    स्कूलों में 20 से 23 अगस्त 2026 तक छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जाएगी।

    बताया गया है कि क्षेत्र में हिंसक कुत्तों के लगातार घूमने और बच्चों के लिए खतरा पैदा होने की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी चमोली के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने छात्रहित में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

    इस दौरान टीम कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है ताकि इलाके में स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

    ये 10 स्कूल रहेंगे बंद

    1.रा०आ०इ०का० नारायणबगड़
    2.रा०बा०इ०का० नारायणबगड़
    3.सरस्वती शिशु मंदिर नारायणबगड़
    4.उत्तरांचल विद्या निकेतन नारायणबगड़
    5.रा०प्रा०वि० नारायणबगड़
    6.श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पंती
    7.रा०प्रा०वि० नलगांव
    8.रा०उ०प्रा०वि० नलगांव
    9.मॉडर्न चिल्ड्रन एकेडमी नारायणबगड़
    10.उत्तराखंड विद्यालय निकेतन नारायणबगड़

    बच्चों की सुरक्षा के लिए पहली बार चार दिन तक स्कूल बंद रखने का यह फैसला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं कि हिंसक कुत्तों के आतंक से लोगों को कब तक राहत मिलती है।

  • रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी का बहनों को तोहफा,,,,  रोडवेज की बसों में 2 दिन फ्री..।

    रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी का बहनों को तोहफा,,,, रोडवेज की बसों में 2 दिन फ्री..।

    उत्तराखंड—  रक्षाबंधन से पहले उत्तराखंड की बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को त्योहार का खास तोहफा देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है।

    इन दोनों दिनों में उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में 100 प्रतिशत किराया छूट के साथ यात्रा कर सकेंगी। यानी बहनों को रोडवेज बस में सफर के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।

    रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते और भावनाओं का पर्व है। इस दिन बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार से मिलने के लिए सफर करती हैं।

    सरकार के इस फैसले से उन महिलाओं को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी, जो रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के पास जाने की तैयारी कर रही हैं। साथ ही उन्हें सार्वजनिक परिवहन के जरिए सुगम और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा।

    28-29 अगस्त को नहीं लगेगा किराया

    शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा। परिवहन निगम को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    महिलाओं को मुफ्त यात्रा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले आर्थिक भार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। शासनादेश में परिवहन निगम को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • उत्तराखंड सड़क हादसा :- टक्कर इतनी भीषण , कि वैन का अगला हिस्सा गया पिचक,, दो की मौके पर मौत,।

    उत्तराखंड सड़क हादसा :- टक्कर इतनी भीषण , कि वैन का अगला हिस्सा गया पिचक,, दो की मौके पर मौत,।

    उत्तराखंड—  बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब देहरादून से हरिद्वार जा रही इको वैन की आगे चल रहे लोडिंग वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

    जानकारी मुताबिक यह हादसा देहरादून के डोईवाला टोल प्लाजा के पास हुआ है। बताया जा रहा है लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर पीछे आ रही इको वैन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

    हादसे के समय वैन में कुल 7 लोग सवार थे। आगे बैठे दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों की पहचान और अन्य विवरण की पुष्टि कर रही है।

    टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वैन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

    हादसे की तस्वीरें सामने आने पर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। जिस वैन में लोग सुरक्षित सफर कर रहे थे, उसका अगला हिस्सा कुछ ही सेकंड में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इसके बाद हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

    पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों और वाहन की स्थिति की जांच कर रही है।

  • उत्तराखंड में जान लेवा बारिश :- मकान ढहने से मां-बेटे समेत 3 की मौत,,, धारचूला में वैली ब्रिज ध्वस्त,,, 124 सड़कें बंद,,।

    उत्तराखंड में जान लेवा बारिश :- मकान ढहने से मां-बेटे समेत 3 की मौत,,, धारचूला में वैली ब्रिज ध्वस्त,,, 124 सड़कें बंद,,।

    देहरादून/पौड़ी/पिथौरागढ़—   उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश के चलते भूस्खलन, मकान ढहने और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

    पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में भूस्खलन की चपेट में आए दो मंजिला मकान के मलबे में दबने से मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला को सुरक्षित बचा लिया गया।

    वहीं पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से गिरे बोल्डरों की चपेट में आने से कुलागाड़ वैली ब्रिज ध्वस्त हो गया। इससे चीन सीमा को जोड़ने वाला धारचूला-गुंजी और कैलाश मानसरोवर मार्ग प्रभावित होने के साथ व्यास, दारमा और चौदास घाटियों का सड़क संपर्क भी कट गया है।

    पौड़ी में बारिश ने छीनी तीन जिंदगियां

    पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में 18 अगस्त की सुबह बारिश के बीच एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय चार लोग मकान के अंदर मौजूद थे और मलबे में दब गए।

    घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और राहत-बचाव टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया। एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

    रेस्क्यू के दौरान दो साल के बच्चे, 46 वर्षीय व्यक्ति और 70 वर्षीय महिला के शव मलबे से बरामद किए गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

    124 सड़कें बंद, पहाड़ों में संपर्क प्रभावित

    लगातार बारिश का असर उत्तराखंड के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। प्रदेश में 124 सड़कें बंद बताई जा रही हैं। इनमें एक एनएच (BRO), दो स्टेट हाईवे और कई ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

    पिथौरागढ़ के धारचूला में कुलागाड़ वैली ब्रिज टूटने से सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। यह पुल व्यास, दारमा और चौदास घाटियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था।

    नदियां चेतावनी स्तर के करीब

    लगातार बारिश के बीच अलकनंदा, मंदाकिनी, गंगा और भागीरथी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और वे चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं।

    कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव के साथ बिजली और पेयजल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

    8 जिलों में बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

    देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि पौड़ी, चंपावत, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

    खराब मौसम को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल में सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

    अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

    20 अगस्त: रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।

    21 अगस्त: टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में भारी बारिश हो सकती है।

    22 अगस्त: रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।

  • दिल्ली में भाजपा की नई टीम — तीरथ, बलूनी, पांडे और आलोक को अहम जिम्मेदारी,,।

    दिल्ली में भाजपा की नई टीम — तीरथ, बलूनी, पांडे और आलोक को अहम जिम्मेदारी,,।

    नईदिल्ली—   भारतीय जनता पार्टी ने 17 अगस्त 2026 को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है।

    पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची में संगठन, मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न मोर्चों के लिए नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

    सबसे खास बात यह है कि उत्तराखंड को भाजपा की राष्ट्रीय टीम में मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

    तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

    पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर संगठन में अहम भूमिका दी है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में उनके साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा और डी. पुरंदेश्वरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

    अनिल बलूनी को मीडिया की कमान

    उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। पार्टी के मीडिया तंत्र की अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की मीडिया रणनीति और प्रबंधन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

    महेंद्र पांडे और आलोक भट्ट को भी जिम्मेदारी

    भाजपा ने महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया है। वहीं आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। सोशल मीडिया की मुख्य जिम्मेदारी दीपक म्हस्के को दी गई है।

    बीएल संतोष को संगठन की कमान

    भाजपा की नई टीम में बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।

    स्मृति ईरानी समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री

    राष्ट्रीय महामंत्रियों की सूची में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब,स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को शामिल किया गया है।

    वहीं पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

    युवा, महिला, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चे की कमान भी तय

    भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. हेमांग जोशी, महिला मोर्चा की अध्यक्षता रूप कुमारी चौधरी, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी अमरपाल मौर्य और किसान मोर्चा की कमान बंसीलाल गुर्जर को दी गई है।

    एससी मोर्चा की जिम्मेदारी शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा की डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान कुंवर बासित अली को सौंपी गई है।

    उत्तराखंड के लिए क्यों अहम है यह नियुक्ति?

    भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जिम्मेदारी मिलना प्रदेश संगठन के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक, महेंद्र पांडे को कार्यालय मंत्री और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाए जाने से प्रदेश की राष्ट्रीय संगठन में मौजूदगी और मजबूत हुई है।

  • गैस कनेक्शन है तो दें ध्यान ,!, eKYC की आखिरी तारीख करीब..।

    गैस कनेक्शन है तो दें ध्यान ,!, eKYC की आखिरी तारीख करीब..।

    देहरादून—   घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। अगर आपने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की eKYC नहीं कराई है तो जल्द करा लें। केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को eKYC पूरी करने का एक और मौका देते हुए इसकी अंतिम तारीख 23 अगस्त 2026 तय की है।

    देहरादून जिले में कुल 7 लाख 16 हजार 845 घरेलू LPG कनेक्शन हैं। इनमें से 5 लाख 57 हजार 546 उपभोक्ता eKYC करा चुके हैं, जबकि 1 लाख 59 हजार 299 कनेक्शनों की eKYC अभी बाकी है। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 9,243 लाभार्थी भी शामिल हैं।

    जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपनी eKYC पूरी करा लें।

    तीन आसान तरीकों से करा सकते हैं eKYC

    1.गैस एजेंसी जाकर
    अपने संबंधित LPG वितरक या गैस एजेंसी पर जाकर eKYC कराई जा सकती है।

    2.डिलीवरी कर्मचारी के जरिए

    घर पर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मचारी के पास मौजूद मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए भी eKYC की सुविधा उपलब्ध है।

    3.मोबाइल ऐप से खुद करें
    Indane, Bharatgas या HP Gas की अधिकृत मोबाइल ऐप के जरिए उपभोक्ता खुद भी eKYC पूरी कर सकते हैं।

    23 अगस्त के बाद क्या होगा ?

    प्रशासन के अनुसार, 23 अगस्त 2026 तक eKYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू LPG आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। ऐसे उपभोक्ताओं को गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।

    इसलिए अगर आपकी eKYC अभी बाकी है तो आखिरी तारीख का इंतजार न करें।समय रहते eKYC पूरी कराएं और गैस कनेक्शन से जुड़ी परेशानी से बचें।

  • उत्तराखंड में मौसम की चुनौती,,,अगले 3 दिन भारी, नैनीताल जिले में 8 सड़कें बंद..।

    उत्तराखंड में मौसम की चुनौती,,,अगले 3 दिन भारी, नैनीताल जिले में 8 सड़कें बंद..।

    देहरादून—   उत्तराखंड में देर रात से अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तेज बौछारों की संभावना जताई है। देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

    मौसम के बिगड़े मिजाज का असर अब जनजीवन पर भी दिखने लगा है। 10 जिलों में 61 सड़कें बंद हैं। वहीं खराब मौसम को देखते हुए पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

    कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में बारिश के बीच सरयू नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।

    पीपलकोटी टनल हादसा : 7 मजदूरों की मौत

    चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल में गुरुवार शाम लैंडस्लाइड के बाद पानी रिसने लगा। मलबा और पानी भरने से अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए।

    रेस्क्यू अभियान के दौरान 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है। टनल में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

    हल्द्वानी में रेकॉर्ड बारिश, नैनीताल जिले में 8 सड़कें बंद

    नैनीताल। जिले में बारिश के चलते कई ग्रामीण और राज्य मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 14 अगस्त सुबह 9:30 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में फिलहाल हल्की बारिश हो रही है, जबकि बारिश के कारण 8 सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की टीमें मार्ग खोलने के काम में जुटी हुई हैं।

    इन 8 मार्गों पर आवाजाही बंद

    1.कूल मोटर मार्ग
    2.गर्जिया (घुघतीधार)-बेतालघाट मोटर मार्ग
    3.फतेहपुर-बेल मोटर मार्ग
    4.अम्बेडकर ग्राम-रिखोली मोटर मार्ग
    5.भीड़ापानी-महतोली मोटर मार्ग
    6.कौन्ता-ककोड़-हरीशताल मोटर मार्ग
    7.पतलोट-पश्यागांव मोटर मार्ग
    8.पंगोट-देचूरी मोटर मार्ग

    प्रशासन के अनुसार इन सभी मार्गों को 14 अगस्त को ही खोलने का संभावित लक्ष्य रखा गया है। संबंधित खंडों की टीमें मौके पर काम कर रही हैं।

    हल्द्वानी में सबसे ज्यादा बारिश

    पिछले 24 घंटों में हल्द्वानी-काठगोदाम में 28 मिमी, रामनगर में 14.4 मिमी और कालाढूंगी में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। नैनीताल स्नो व्यू में 1 मिमी और बेतालघाट में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

    वहीं गौला बैराज से 1,709 क्यूसेक, कोसी बैराज से 2,999 क्यूसेक और नंधौर से 340.40 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। फिलहाल ये डिस्चार्ज संबंधित चेतावनी स्तर से काफी नीचे हैं।

    जिला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक बारिश से अब तक 3 जनहानि ,, 6 आंशिक भवन क्षति और 20 आंगन/दीवार क्षति दर्ज की गई है। इसके अलावा एक छोटे पशु की भी हानि हुई है।

    प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और बंद मार्गों पर आवाजाही से बचने की अपील की है।

    अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम ?

    15 अगस्त:देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बौछारों की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं।

    16 अगस्त: चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।

    17 अगस्त : देहरादून, पौड़ी और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।