Spread the love

देहरादून—  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन स्थल बदल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम परेड ग्राउंड की बजाय बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होगा।

आयोजन स्थल को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने आ गए। देर रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड के बाहर धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

देर रात परेड ग्राउंड पहुंचे कांग्रेसी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से परेड ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान पुलिस पहले से तैनात थी और आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बैरिकेडिंग के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

धरने में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, विधायक प्रीतम सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस का आरोप- सरकार दबाव बना रही है

कांग्रेस का कहना है कि नगर निगम ने पहले ही 15 से 17 जुलाई तक परेड ग्राउंड की अनुमति दे दी थी और तय शुल्क से अधिक 1.77 लाख रुपये भी जमा करा दिए गए थे। इसके बावजूद अंतिम समय में कार्यक्रम स्थल बदलने की नौबत आ गई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार राहुल गांधी के नाम से घबराई हुई है और प्रशासन पर दबाव डालकर अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि छात्रों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए कांग्रेस ने स्वयं कार्यक्रम का स्थान बदलने का फैसला लिया।

See also  भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों के नवनियुक्त संयोजकों एवं सह संयोजकों के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का हुआ आयोजन।

DM ने बताया प्रशासन का पक्ष

वहीं जिलाधिकारी आशीष चौहान ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि परेड ग्राउंड पहले से भारत सरकार के ‘लोक संवर्धन पर्व’ कार्यक्रम के लिए आरक्षित था, जिसकी अवधि बढ़ा दी गई है।

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, स्थल की उपलब्धता और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस को बन्नू स्कूल मैदान सहित अन्य वैकल्पिक स्थानों का प्रस्ताव दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह प्रशासनिक निर्णय है और इसका किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम को रोकने से कोई संबंध नहीं है।

अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा कार्यक्रम

कांग्रेस ने घोषणा की है कि 17 जुलाई को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होगा। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में छात्रों ने पंजीकरण कराया है।

कांग्रेस के अनुसार, यह पारंपरिक राजनीतिक सभा नहीं होगी। मंच पर राहुल गांधी के अलावा कोई अन्य राजनीतिक नेता मौजूद नहीं रहेगा। कार्यक्रम में छात्र शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और रोजगार जैसे मुद्दों पर सीधे राहुल गांधी से सवाल पूछ सकेंगे।

पहले भी टल चुका है दौरा

गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण स्थगित हो गया था। कांग्रेस इस बार कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी में जुटी हुई है।


Spread the love

You missed