हल्द्वानी/नैनीताल— उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। नैनीताल समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।
ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
नैनीताल जिले में बीते 24 घंटे में नैनीताल (स्नो व्यू) में 47 मिमी, हल्द्वानी-काठगोदाम में 23 मिमी और कालाढूंगी में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते जिले में 5 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। वहीं गौला, कोसी और नंधौर नदियों के जलस्तर और बैराज डिस्चार्ज पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।
बारिश के चलते जिले में डोबा-गोनियारो, झड़गांव-चकसानडुला, सलियाकोट-अर्नपा, कूल और महतोली गांव-मजूली मोटर मार्ग बाधित हैं। संबंधित खंडों की ओर से मार्ग खोलने का काम जारी है और इन सभी सड़कों को जल्द ही खोल दिया जाएगा।
जिला आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 3 जनहानि, 6 भवनों को आंशिक नुकसान और 20 आंगन/दीवारों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। हालांकि विद्युत और पेयजल आपूर्ति फिलहाल सामान्य है।
पिथौरागढ़ में 23 सड़कें बंद
भारी बारिश और भूस्खलन से पिथौरागढ़ में 23 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। इनमें चीन सीमा को जोड़ने वाली दो बॉर्डर रोड और एक स्टेट हाईवे भी शामिल हैं।
धारचूला-तवाघाट-गुंजी सड़क कुलागाड़ में और थल-मुनस्यारी स्टेट हाईवे हरड़िया में बाधित हुआ। हालांकि धारचूला-तवाघाट-गुंजी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी है। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम और केदारघाटी, ऊधम सिंह नगर के खटीमा-रुद्रपुर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार और देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
18 अगस्त _ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के तेज दौर की संभावना है।
19 अगस्त_बारिश की गतिविधि में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन कई इलाकों में तेज बारिश के दौर बने रह सकते हैं।
20 अगस्त_प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगह तेज बारिश के दौर आ सकते हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, निचले इलाकों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
