
नैनीताल—- नैनीताल की प्रसिद्ध लोअर माल रोड पर रविवार शाम अचानक भू-धंसाव होने से हड़कंप मच गया।
ग्रैंड होटल के समीप सड़क में आई 50 फीट से अधिक लंबी दरार को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को यातायात के लिए बंद कर दिया है। दरार को बारिश से बचाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने उसे प्लास्टिक तिरपाल से ढक दिया है, ताकि पानी दरार में न जाए और झील में सड़क के समाने का खतरा न बढ़े।
रविवार को करीब 8 इंच का गैप बन गया था, जिससे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। इसके बाद से लोअर माल रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

अब ट्रैफिक को एकतरफा रूप से अपर माल रोड से संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा जारी आदेशानुसार, तल्लीताल चर्च से मल्लीताल तक लोअर माल रोड पर वाहनों का प्रवेश व निकासी पूरी तरह प्रतिबंधित है। अपर माल रोड पर शाम 6 बजे से 8 बजे तक वन-वे यातायात की अनुमति दी गई है।
प्रशासन ने दीर्घकालिक समाधान के लिए विशेषज्ञों से राय मांगी है। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से हालात और संवेदनशील बने हुए हैं।
