Spread the love

देहरादून – 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आज़ादी एवं मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर सैनिकों और महानायकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

ध्वजारोहण के उपरांत मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जिन सपनों के साथ आज़ादी की लड़ाई लड़ी, उन सपनों को साकार करने के लिए हमें एकजुट होकर कार्य करना होगा।

सीएम धामी ने कहा कि आज़ादी हमें सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए लाखों देशभक्तों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। यह आज़ादी तभी सार्थक होगी जब हम सभी अपने-अपने क्षेत्रों में श्रेष्ठ योगदान देंगे, समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे और राष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें, कड़ी मेहनत करें और समाज में प्रेरणा का स्रोत बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक धरोहर और मूल्यों से जोड़े रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उल्लास मनाया। मुख्यमंत्री के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Spread the love