Spread the love

नैनीताल—   सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 4 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जनपद नैनीताल में 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगर क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे,

जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।

राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” संकल्प और “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण के तहत चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

भीमताल से होगा शुभारंभ

सेवा पखवाड़े का शुभारंभ 4 जुलाई को सुबह 11 बजे विकासखंड भीमताल से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के साथ होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

24 विभाग एक ही मंच पर

सेवा पखवाड़े के दौरान 24 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सैनिक कल्याण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सहायता, ऊर्जा, सिंचाई, पेयजल, वन, पंचायती राज, शहरी विकास, बैंकिंग समेत कई विभाग शामिल रहेंगे।

शिविरों में लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन भी मौके पर भरवाए जाएंगे और पात्र लोगों को तत्काल लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

समस्याओं का भी होगा समाधान

प्रशासन का फोकस सिर्फ योजनाओं का प्रचार नहीं बल्कि लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी रहेगा। शिविर समाप्त होने के बाद अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर ऐसे पात्र लोगों की पहचान करेंगे जो अब तक सरकारी योजनाओं से वंचित हैं और उन्हें योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई करेंगे।

See also  पत्नी ने पति को प्रेमिका के साथ रंगेहाथ पकड़कर ,, बच्चों के साथ दोनों को धुन डाला।

इसके अलावा प्रत्येक शिविर में राजस्व विभाग की ओर से समाधान समारोह’ के तहत विशेष लोक अदालत भी आयोजित की जाएगी, जहां लंबित राजस्व मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

जानिए कब और कहां लगेगा शिविर

4 जुलाई – भीमताल: रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास

5 जुलाई – हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम: मैराथन, शूटिंग एवं साइकिलिंग प्रतियोगिताएं

6 जुलाई – रामनगर: स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन सहायता एवं महिला-बालिका स्वास्थ्य शिविर

7 जुलाई – श्री कैंचीधाम: महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण

8 जुलाई – धारी:कृषि, उद्यान एवं पशुपालन

9 जुलाई – कोटाबाग: उद्योग एवं लघु-सूक्ष्म उद्योग

10 जुलाई – हल्द्वानी: रेल, सड़क, रोपवे, जमरानी बांध, उड़ान योजना व आधारभूत संरचना

13 जुलाई – रामगढ़ (गोमतीगैर): सेवा पखवाड़ा विशेष शिविर

14 जुलाई – ओखलकांडा: सेवा पखवाड़ा विशेष शिविर

15 जुलाई – बेतालघाट: सेवा पखवाड़ा विशेष शिविर

17 जुलाई – लालकुआँ: सेवा पखवाड़ा विशेष शिविर

18 जुलाई – कालाढूंगी सेवा पखवाड़ा समापन शिविर

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लें, पात्रता के अनुसार आवेदन करें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।


Spread the love

You missed