Spread the love

हल्द्वानी—   पारदर्शी, भरोसेमंद और सहभागी संवाद की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल के रूप में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने दिनांक 29 अगस्त 2026 को ऑनलाइन ज़ूम मीटिंग के माध्यम से “जन संवाद कार्यक्रम” के प्रथम भाग का सफल आयोजन किया।

कार्यक्रम को Facebook, Instagram एवं YouTube पर भी @UOULive के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया तथा विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी 91.2 FM” ने भी इसमें महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

“सूचना, संवाद और समाधान” की संकल्पना पर आधारित इस कार्यक्रम की थीम — “शिक्षा, अवसर और विश्वास — मिलकर करें उत्कृष्ट विश्वविद्यालय का निर्माण” — ने विश्वविद्यालय के शिक्षार्थियों एवं समस्त हित-धारकों से सीधे जुड़ने के विश्वविद्यालय के संकल्प को अभिव्यक्त किया।

यह कार्यक्रम तीन चरणों (श्रृंखला) में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, जिसका प्रथम चरण आज सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी के अध्यक्षीय उद्घाटन उद्बोधन से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं अनुभागों की संरचना और कार्य-प्रणाली का सुस्पष्ट विवरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, जिसके अनुसार संस्था अपने प्रत्येक शिक्षार्थी को श्रेष्ठतम शिक्षा प्रदान करने के लिए सतत अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम इसी प्रतिबद्धता की एक जीवन्त अभिव्यक्ति है, जो विश्वविद्यालय और शिक्षार्थियों के मध्य एक खुले, ईमानदार और भरोसेमंद संवाद की नींव रखता है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विविध विभागों एवं अनुभागों का परिचय निम्नलिखित विशेषज्ञ प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत किया गया — प्रवेश अनुभाग से डॉ. सुमित प्रसाद, क्षेत्रीय सेवा निदेशालय से प्रो. एम. एम. जोशी, अध्ययन सामग्री निर्माण एवं वितरण एवं अकादमिक निदेशालय से प्रो. पी. डी. पन्त, परीक्षा अनुभाग से प्रो. सोमेश कुमार, शोध अनुभाग से प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्लेसमेंट सेल से डॉ. अखिलेश सिंह तथा पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा से प्रो. राकेश चंद्र रयाल ने अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सेवाओं एवं शिक्षार्थियों के लिए उपयोगी जानकारियों का संक्षिप्त एवं सुस्पष्ट परिचय प्रस्तुत किया।

See also  दर्दनाक सड़क हादसा:- ढलान पर बेकाबू होकर पलटी यात्रियों से भरी बस,,,, दो भाइयों की मौत,

कार्यक्रम का सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण एवं जीवन्त भाग जन संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र रहा, जिसका संचालन विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” से  अनिल नैलवाल एवं श्रीमती सोनू भट्ट ने किया। उन्होंने शिक्षार्थियों द्वारा भेजे गए 27 से अधिक प्रश्नों को विशेषज्ञ पैनल के समक्ष प्रस्तुत किया।

शिक्षार्थियों के प्रश्न अत्यन्त विविध एवं व्यावहारिक विषयों पर केन्द्रित थे, जिनमें प्रमुख रूप से — प्रवेश प्रक्रिया एवं लेटरल एन्ट्री, परीक्षा एवं पूर्व वर्षों के प्रश्न-पत्र, अध्ययन केन्द्र, पाठ्य सामग्री एवं पुस्तकों की आपूर्ति, प्लेसमेंट, शैक्षणिक कक्षाएँ, शोध कार्यक्रम, शोध हेतु पुस्तकें एवं सॉफ्टवेयर, नवीन पाठ्यक्रम, भुगतान सम्बन्धी समस्याएँ एवं शिक्षार्थियों से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारियाँ सम्मिलित थीं।

नेपाल के शिक्षार्थियों की ओर से भी प्रवेश प्रक्रिया एवं शोध अवसरों से सम्बन्धित जिज्ञासाएँ प्राप्त हुईं, जिनका पैनल द्वारा सहर्ष एवं विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।

विशेषज्ञ पैनल ने समस्त प्रश्नों का तत्परता एवं स्पष्टता के साथ उत्तर दिया और शिक्षार्थियों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान किया। विशेषज्ञों ने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट (www.uou.ac.in) नियमित रूप से देखने, FAQ अनुभाग का उपयोग करने तथा “Student One View” पोर्टल का भरपूर लाभ उठाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के सुचारु तकनीकी एवं मीडिया संचालन में विश्वविद्यालय की ICT टीम एवं मीडिया टीम का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके कुशल समन्वय से ऑनलाइन प्रसारण एवं लाइव सत्र निर्बाध रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन डॉ. सुमित प्रसाद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

जन संवाद कार्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा आरम्भ की गई एक नवीन एवं दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालय और उसके शिक्षार्थियों, शोधार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकगण, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों एवं सामान्य हित-धारकों के मध्य एक पारदर्शी, विश्वसनीय और त्वरित संवाद का सेतु स्थापित करना है।

See also  कल हल्द्वानी में सीएम धामी का मेगा दौरा,,,, जानिए कहां-कहां पहुंचेंगे मुख्यमंत्री,,।

इस मंच के माध्यम से शिक्षार्थी अपने प्रश्न, सुझाव एवं समस्याएँ सीधे विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं और त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं। जन संवाद कार्यक्रम के आगामी दो चरण भी शीघ्र ही आयोजित किए जाएँगे।


Spread the love

You missed