नैनीताल/हल्द्वानी— भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) को लेकर नैनीताल जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में वर्ष 2003 की मतदाता सूची और वर्ष 2025 की वर्तमान मतदाता सूची के बीच मतदाताओं की मैपिंग की प्रगति की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मतदाता का सही और शुद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, उनकी सूची का गंभीरता से परीक्षण किया जाए।
बैठक के दौरान ए.आर.ओ. नेट सॉफ्टवेयर में सामने आई विसंगतियों (एनोमली) पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदाताओं को जरूरी दस्तावेज तैयार रखने और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ई-रोल अपडेट से जुड़े प्रपत्र किसी भी स्थिति में लंबित न रहें। उन्होंने कहा कि प्रपत्र-6, 7 और 8 को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही निस्तारित किया जाए।
बैठक में यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी ERO और AERO अधिकारियों के ECiNET अकाउंट सक्रिय हों, वे सफलतापूर्वक लॉग-इन कर सकें और ECiNET ऐप सभी BLO एवं संबंधित अधिकारियों के मोबाइल फोन में डाउनलोड हो।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
