Spread the love

देहरादून—   उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। हालांकि कई इलाकों में उमस अभी भी बनी हुई है, लेकिन मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार के कई क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

नैनीताल जिले में बीते दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। हल्द्वानी सहित कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है और सुबह से बादल छाए हुए हैं।

उधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी ने 17 जुलाई (शुक्रवार) को जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


Spread the love

You missed