नैनीताल— मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत की अध्यक्षता में आज CMO कार्यालय सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से IDSP, नियमित टीकाकरण, टीबी, संचारी रोग, गैर-संचारी रोग, जलजनित रोग, PCPNDT तथा जननी-शिशु स्वास्थ्य एवं सुरक्षा कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
CMO ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों व चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए कि लाइन डिपार्टमेंट के साथ समन्वय कर अपने-अपने ब्लॉकों में माइक्रो प्लान के अनुसार कार्य करें। लक्षित समूह को चिन्हित कर योजनाबद्ध सेवाएं दें और होम डिलीवरी कम कर संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें।
उन्होंने कहा कि जनपद के 32 डिलीवरी पॉइंट को पूरी तरह सक्षम बनाने पर प्राथमिकता से काम हो। किसी भी स्वास्थ्य इकाई में मानव संसाधन, उपकरण या दवाओं की कमी हो तो तत्काल कार्ययोजना जनपद स्तर पर भेजें।
सर्विलांस की समीक्षा करते हुए CMO ने सभी पोर्टल व ऑनलाइन एंट्री समय से अपडेट करने के निर्देश दिए, ताकि बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर हो सके और नियंत्रण की कार्रवाई तत्काल हो।
CMO ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक राष्ट्रीय कार्यक्रम की नियमित व सख्त समीक्षा होगी और स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण भी किया जाएगा। लापरवाही या दायित्वों में कमी मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
