Spread the love

नैनीताल/अल्मोड़ा—-   उत्तराखंड में सतत विकास और बेहतर प्रशासनिक कार्यों के लिए नैनीताल जनपद को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।

राज्य स्तरीय SDG Achievers Award Ceremony में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया।

अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों, संगठनों और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस वर्ष कुल 32 संस्थानों, व्यक्तियों और समूहों को उनके नवाचार और समाजहित में किए गए कार्यों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

राज्य स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान मिला, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बागेश्वर, चमोली और टिहरी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड आज सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स में राज्य 10वें स्थान पर था, लेकिन अब उत्तराखंड पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुशासन, गरीब कल्याण, सड़क, बिजली, पानी और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, ग्रीन एनर्जी और रोजगार के क्षेत्र में हुए सुधारों से उत्तराखंड में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग फिर अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण कार्य कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही असली उपलब्धि है।

See also  बद्रीनाथ :- चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन,,, खुलेंगे कई राज...

Spread the love

You missed